JioHotstar पर अपनी पसंदीदा फिल्म या वेब सीरीज देखते समय अगर अचानक विज्ञापन आ जाए, तो देखने का पूरा मजा खराब हो जाता है. खासकर किसी सस्पेंस या अहम सीन के बीच में ऐड आना काफी चिढ़ पैदा करता है. इसी परेशानी से निपटने के लिए इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नई ट्रिक खूब शेयर की जा रही है.
क्या है वायरल ट्रिक और कैसे करती है काम?
इंटरनेट पर दावा किया जा रहा है कि इस तरीके को अपनाकर आप बिना पैसे खर्च किए कंटेंट के बीच में आने वाले विज्ञापनों को बंद कर सकते हैं. हालांकि, कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह शायद ऐप का कोई तकनीकी ग्लिच या बग हो सकता है, जिसे कंपनी जल्द ही अपडेट करके ठीक कर देगी.
सोशल मीडिया पर वायरल इस तरीके को आजमाने के लिए आपको ये आसान कदम उठाने होंगे.
- शो शुरू करें: सबसे पहले ऐप ओपन करके अपनी पसंद की मूवी या सीरीज प्ले करें.
- टाइमलाइन को अंत तक ले जाएं: वीडियो चालू होने के बाद स्क्रीन पर टैप करें और नीचे दिख रही टाइमलाइन वाली पट्टी को पकड़कर बिल्कुल आखिरी हिस्से यानी अंतिम ऐड ब्रेक के पार ले जाएं.
- वीडियो से बाहर आएं: यदि अंत में विज्ञापन चलने लगे, तो तुरंत बैक बटन दबाकर वीडियो को बंद कर दें.
- फिर से प्ले करें: अब उसी वीडियो को दोबारा शुरू करें. अगर शुरुआत में कोई ऐड आता है, तो उसे पूरा देख लें.
- जांच करें: इसके बाद चेक करें कि क्या बीच-बीच में आने वाले विज्ञापन बंद हुए हैं या नहीं.
क्या यह तरीका वाकई में असरदार है?
यूजर्स का कहना है कि वीडियो को आगे खींचने और फिर ऐप को रीस्टार्ट करने से सिस्टम में एक तकनीकी गड़बड़ी पैदा होती है, जिससे बीच के ऐड स्किप हो जाते हैं. हालांकि, JioHotstar की तरफ से ऐसा कोई आधिकारिक फीचर नहीं दिया गया है.
यह ट्रिक हर यूजर के फोन में काम करेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है. साथ ही, अगर कंपनी इस बग को फिक्स कर देती है, तो यह तरीका तुरंत काम करना बंद कर देगा. अगर आप हमेशा के लिए पूरी तरह से ऐड-फ्री अनुभव चाहते हैं, तो JioHotstar का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान लेना ही सबसे सुरक्षित और बेहतर विकल्प है.







