डेस्क। जैकलीन फर्नांडिस ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ा फैसला लेते हुए सरकारी गवाह यानी अप्रूवर बनने की अपनी याचिका वापस ले ली है। अभिनेत्री ने विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा की अदालत में दाखिल अर्जी मंगलवार को वापस ले ली। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले ही उनकी याचिका का विरोध कर चुका था और अदालत में कई गंभीर आरोप लगाए थे।
पटियाला हाउस कोर्ट में वापस ली गई अर्जी
जैकलीन फर्नांडिस ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल अपनी याचिका वापस लेने का फैसला किया। उनके वकील आशीष बत्रा ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी गवाह बनने के लिए दाखिल अर्जी अब वापस ले ली गई है। इससे पहले अभिनेत्री ने मामले में खुद को पीड़ित बताते हुए अप्रूवर बनने की मांग की थी। हालांकि ईडी ने अदालत में इसका कड़ा विरोध किया था। एजेंसी का कहना था कि उपलब्ध सबूत और जांच रिकॉर्ड इस बात की ओर इशारा करते हैं कि अभिनेत्री मामले से पूरी तरह अनजान नहीं थीं।

ईडी ने जैकलीन के दावों पर उठाए सवाल
ईडी ने अदालत में कहा था कि जैकलीन खुद को अनजाने में फंसी पीड़िता बताकर बचने की कोशिश कर रही हैं। एजेंसी के मुताबिक अभिनेत्री को सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक बैकग्राउंड और उसकी गतिविधियों की जानकारी थी, इसके बावजूद वह लगातार उसके संपर्क में रहीं। ईडी ने दावा किया कि सुकेश ने कथित ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग से अर्जित रकम से जैकलीन को कई महंगे गिफ्ट और लग्जरी सामान दिए।
महंगे गिफ्ट और परिवार को आर्थिक लाभ का आरोप
जांच एजेंसी ने अदालत में यह भी कहा कि कथित अपराध की कमाई का इस्तेमाल केवल जैकलीन तक सीमित नहीं था। एजेंसी का दावा है कि अभिनेत्री के परिवार के सदस्यों को भी इसका फायदा मिला। ईडी के मुताबिक विदेश में रहने वाले उनके भाई और बहन के खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा बहरीन में उनके माता-पिता के लिए लग्जरी कारें खरीदी गईं। एजेंसी ने आरोप लगाया कि अभिनेत्री ने इन महंगे तोहफों और सुविधाओं का इस्तेमाल किया और पैसों के स्रोत को लेकर जानबूझकर अनदेखी की।
जांच में असहयोग का भी आरोप
ईडी ने अदालत में कहा कि पूछताछ के दौरान जैकलीन का रवैया असहयोगात्मक रहा। एजेंसी के अनुसार अभिनेत्री के बयान कई बार विरोधाभासी और अधूरे पाए गए। जांच के दौरान उन्हें बार-बार सबूतों के आधार पर आमना-सामना कराना पड़ा। एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि जैकलीन ने स्क्रिप्ट राइटर अद्वैता काला के साथ कथित नकद लेन-देन, महंगे गिफ्ट और पिंकी ईरानी समेत अन्य लोगों के साथ संबंधों से जुड़े कई तथ्यों से इनकार किया। ईडी का कहना है कि रिकॉर्ड पर मौजूद सबूत अभिनेत्री के दावों से मेल नहीं खाते।
ये खबर भी देखिए..









