Apple अपने नए प्रोडक्ट्स को लेकर एक बार फिर बड़ा इवेंट करने जा रहा है. कंपनी 9 सितंबर को कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो स्थित Steve Jobs Theater में अपना सालाना Apple Event आयोजित करेगी. इस दौरान iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ Apple का पहला फोल्डेबल iPhone भी पेश किए जाने की उम्मीद है. यह लॉन्च जॉन टर्नस के लिए भी खास होगा, क्योंकि वह 1 सितंबर से Tim Cook की जगह Apple के CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे
iPhone 18 Pro में क्या मिलेगा नया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro सीरीज में बहुत बड़ा डिजाइन बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. कंपनी इस बार फोन के लुक को पूरी तरह बदलने के बजाय हार्डवेयर और परफॉर्मेंस में कुछ अहम सुधार कर सकती है. दोनों मॉडल में नई A20 Pro चिप मिलने की संभावना है, जिसे 2nm टेक्नोलॉजी पर तैयार किया जा सकता है. इसके साथ Apple का नया C2 मॉडेम भी देखने को मिल सकता है
iPhone 18 Pro Max के कैमरे में भी अपग्रेड की उम्मीद है. इसमें वेरिएबल अपर्चर वाला मेन कैमरा दिया जा सकता है, जिससे अलग-अलग लाइटिंग कंडीशन में फोटोग्राफी को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा Apple अंडर-डिस्प्ले Face ID टेक्नोलॉजी पर भी काम कर रहा है, हालांकि इसका इस्तेमाल इसी सीरीज में होगा या नहीं, यह अभी साफ नहीं है
पहली बार फोल्डेबल iPhone की एंट्री
Apple के फोल्डेबल फोन को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है और अब कंपनी इसे लॉन्च करने की तैयारी में नजर आ रही है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस डिवाइस का नाम iPhone Ultra हो सकता है. फोन में किताब की तरह खुलने वाला फोल्डिंग डिजाइन मिलने की उम्मीद है
डिवाइस में करीब 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन और लगभग 5.5 इंच का कवर डिस्प्ले दिया जा सकता है. अंदर वाले डिस्प्ले में अंडर-स्क्रीन कैमरा और बाहर की स्क्रीन पर पंच-होल कैमरा मिलने की बात कही जा रही है
कीमत सुनकर लग सकता है झटका
फोल्डेबल iPhone की कीमत Apple के मौजूदा मॉडल्स की तुलना में काफी ज्यादा हो सकती है. शुरुआती रिपोर्ट्स में इसकी कीमत करीब 2,000 डॉलर से शुरू होने का अनुमान लगाया गया है. हालांकि, Apple की तरफ से अभी इसकी कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन के पीछे डुअल कैमरा सिस्टम मिल सकता है, जिसमें मुख्य कैमरे के साथ अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल होने की संभावना है. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि Apple इस फोन के साथ Touch ID को वापस ला सकता है
स्टैंडर्ड iPhone 18 के लिए करना होगा इंतजार
इस बार Apple के लॉन्च प्लान में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर इवेंट में कंपनी सिर्फ Pro मॉडल्स पर फोकस कर सकती है. वहीं स्टैंडर्ड iPhone 18, iPhone 18e और iPhone Air 2 को 2027 की पहली छमाही में पेश किए जाने की उम्मीद है
Apple Watch और AirPods पर भी नजर
सितंबर का इवेंट सिर्फ iPhone तक सीमित नहीं रहने वाला. Apple अपनी स्मार्टवॉच लाइनअप में भी नए मॉडल पेश कर सकता है. इसके अलावा AirPods Pro का नया वर्जन भी चर्चा में है
रिपोर्ट्स के अनुसार, नए AirPods Pro में कैमरा दिए जाने की संभावना है. इन कैमरों का इस्तेमाल Apple के Visual Intelligence फीचर के साथ किया जा सकता है, जिससे ईयरबड्स आसपास मौजूद चीजों और माहौल को पहचानने में मदद कर सकेंगे
कुल मिलाकर, इस बार Apple का सितंबर इवेंट काफी दिलचस्प रहने वाला है. खासकर फोल्डेबल iPhone की एंट्री कंपनी के लिए एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जबकि iPhone 18 Pro सीरीज में परफॉर्मेंस, कैमरा और कनेक्टिविटी से जुड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं







